Dehradun News: देहरादून में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़ किया है। चकराता रोड स्थित गांधी नगर इलाके में एक मकान पर छापा मारकर पुलिस ने दो संचालकों और एक ग्राहक को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन महिलाओं को पीड़ित के रूप में रेस्क्यू किया गया है।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक प्रदीप पंत के नेतृत्व में की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रघुनाथ मंदिर के पास स्थित एक मकान में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। इसके बाद एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मकान की पहली मंजिल पर तीन महिलाएं और दो पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले।। पूछताछ में मकान मालिक रानी देवी ने स्वीकार किया कि वह अपने सहयोगी आशीष कुमार पांडे के साथ मिलकर इस अवैध धंधे का संचालन कर रही थी। वहीं फुल्लो खान नाम का व्यक्ति ग्राहक के तौर पर मौके पर मौजूद था।
पुलिस ने मौके से नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों से संपर्क और सौदेबाजी के प्रमाण भी मिले हैं। रेस्क्यू की गई महिलाओं ने बताया कि उन्हें नौकरी का झांसा देकर यहां लाया गया था और आर्थिक मजबूरी के चलते इस काम में धकेला गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है, जबकि ग्राहक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।






