रोहतक। गोहाना मातूराम हलवाई की दुकान पर हुई फायरिंग व दो करोड़ की रंगदारी मांगने के तरीके को देखकर ही सांपला के सीताराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग कर एक करोड़ की फिरौती मांगने का आईडिया आया था। काले रंग की स्कॉरपिओ में मंगलवार रात आरोपियो ने शराब पी और सीताराम हलवाई की दुकान पर गोली चला दी। साथ ही पर्ची फेंककर एक करोड़ की रंगदारी मांगी। शनिवार को पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी।
एसपी हिमांशु गर्ग ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि खेड़ी साध निवासी नवीन उर्फ भांजा, झज्जर जिले के गांव छारा निवासी अमित उर्फ मित्ता व आसंडा निवासी कपिल उर्फ भोलू अच्छे दोस्त हैं। नवीन की सोनीपत स्टैंड पर दुकान व सांपला में होटल है। ढाई माह पहले उसने काले रंग की नई स्कॉरपिओ ली थी। साथ ही 2019 में फायरिंग के केस में जेल गया था, 10 माह बाद जमानत पर बाहर आ गया।
जबकि अमित के खिलाफ कब्जा हटाने को लेकर पुलिस ने झड़प व मारपीट का केस है, जबकि कपिल के खिलाफ कोई केस नहीं मिला है। तीनों ने पहले सांपला बाईपास स्थित होटल में शराब पी। इसके बाद स्कॉरपिओ में सांपला से रोहतक आए और रोहतक से झज्जर गए। चलती गाड़ी में भी शराब पीते रहे। शराब पीने के दौरान आईडिया कि सीताराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग कर एक करोड़ की रंगदारी मांगते हैं, जिस पर तीनों की सहमती बनी।
तीनों आरोपी गोहाना में दो करोड़ की फिरौती मांगने के मामले को लेकर अवगत थे। साथ ही दबाव बनाने के लिए अमन भैंसवाल ग्रुप, भाऊ गैंग लिख दिया। एसपी ने बताया कि अभी तक आरोपियों का किसी भी गैंग या अमन भैंसवाल से संपर्क नहीं मिला है। न ही सीताराम हलवाई की दुकान संचालक के साथ कोई विवाद सामने आया है।
एसपी ने बताया कि नवीन के मामा का 2020 में देहांत हो चुका है। तब उसे उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर उसके पास ही है। साथ ही लाइसेंसी डोगा भी घर से बरामद हुआ है। पुलिस अब उस रिवाल्वर को बरामद करने का प्रयास कर रही है, जिससे गोली चलाई गई।
एसपी ने बताया कि तीन दिन तक पुलिस ने कड़ी मेहनत की। साथ ही कंपनी से काले रंग की नई स्कारिओ का डाटा निकलवाया। आखिर अभी कितने लोगों ने स्कॉरपिओ खरीदी है। साथ ही सीसीटीवी कैमरे व मोबाइल फोन की कड़ी से कड़ी जोड़ने का प्रयास किया। तब टीम को सुराग लगा कि वारदात के पीछे नवीन व उसके साथियों का हाथ है। दबिश देकर शुक्रवार को उन्हें नयाबांस गांव के फ्लाईओवर से गाड़ी सहित दबोच लिया।
सीताराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग व एक करोड़ की फिरौती मांगने के बाद एसपी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि दुकान व बाजार पहले की तरह खुले थे। ग्राहक आ रहे थे। किसी तरह का डर का माहौल नहीं था। इससे बदमाशों के हौंसले टूटते हैं। सांपला के व्यापारियों ने जैसे बहादुरी दिखाई, इससे पुलिस को भी हौंसला मिला और आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सका।







