Kangra News: काँगड़ा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल 34.4 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई में पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर खोली क्षेत्र में रहने वाले अविनाश उर्फ निक्का के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस को उसके कब्जे से करीब 12.62 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया गया।
दूसरे मामले में पुलिस टीम ने समेला रेलवे ओवरब्रिज के पास नाकेबंदी के दौरान एक कार को जांच के लिए रोका। Punjab नंबर की इस कार में सवार दो लोगों की तलाशी लेने पर उनके पास से 21.78 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपियों की पहचान साजन (33) और राकेश कुमार (39) के रूप में हुई है, जो जालंधर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मामले की जानकारी देते हुए अशोक रत्न ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS Act के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।







