खडूर साहिब (पंजाब)- पंजाब के तरनतारन जिले में स्थित बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज के रीजनल सेंटर गोइंदवाल साहिब में पढ़ाई कर रही बीएससी नर्सिंग की एक छात्रा ने की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतक छात्रा की पहचान 21 वर्षीय खुशप्रीत कौर के रूप में हुई है, जो लुधियाना जिले के गांव धूरकोट की रहने वाली थी।
परिवार के अनुसार खुशप्रीत कौर बीएससी नर्सिंग के तीसरे सेमेस्टर की छात्रा थी और पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में चल रही थी। पिता अमरीक सिंह ने बताया कि बेटी ने उन्हें फोन पर बातचीत के दौरान कॉलेज प्रबंधन से जुड़े कुछ लोगों द्वारा परेशान किए जाने की बात बताई थी। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में छात्रा ने संस्थान के प्रिंसिपल को भी शिकायत दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में लेकर चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मामले की जांच कर रहे सब-डिवीजन गोइंदवाल साहिब के डीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







