ग्रेटर नोएडा- ग्रेटर नोएडा में यूपी STF की नोएडा यूनिट ने एक ऐसे ठग को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से खुद को भारतीय खुफिया एजेंसी RAW का अधिकारी बताकर लोगों को ठग रहा था। आरोपी ने अपनी फर्जी पहचान का इतना मजबूत जाल बनाया था कि उसने एक महिला जज को भी भ्रमित कर उनसे विवाह कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनीत कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के अजोई गांव का निवासी है। उसके पास से अलग-अलग नामों पर बनाए गए कई दस्तावेज़ बरामद हुए हैं—दो आधार कार्ड, तीन वोटर आईडी, पांच पैन कार्ड, 20 बैंकों की चेकबुक, आठ डेबिट–क्रेडिट कार्ड, दो नकली पहचान पत्र और 17 नामों पर तैयार किए गए एग्रीमेंट शामिल हैं।
STF की जांच के अनुसार सुनीत कभी खुद को RAW अधिकारी तो कभी सेना में मेजर बताकर लोगों को प्रभावित करता था और धोखाधड़ी के जरिए लाभ उठाता था। सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि उसने एक महिला जज को भी अपनी झूठी पहचान के झांसे में लेकर शादी कर ली। वह जज वर्तमान में बिहार के छपरा में तैनात हैं।
जब पुलिस ने सुनीत की पत्नी से संपर्क किया, तो उन्होंने भी यही बताया कि उनका पति गृह मंत्रालय में कार्यरत है। मामले की गंभीरता को देखते हुए STF टीम आरोपी के नेटवर्क और अन्य पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।







