ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थाना क्षेत्र की स्टेलर सोसाइटी के मुख्य गेट पर प्रवेश को लेकर नाइजीरियाई नागरिकों ने हंगामा किया। विरोध करने पर नाइजीरियाई नागरिकों ने सुरक्षाकर्मियों से मारपीट की। एक निवासी से भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में सोसाइटी के मैनेजर ने तीन नामजद समेत दस अज्ञात नाइजीरियनों पर केस दर्ज कराया है। पुलिस आराेपियों को तलाश रही है। सेक्टर सिग्मा-4 स्थित स्टेलर सोसाइटी के मैनेजर जीतू चौधरी ने बीटा-2 थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि रविवार की रात दो कारों में सवार होकर नाइजीरियन नागरिक सोसाइटी के मुख्य गेट पर पहुंचे थे।
सुरक्षा कर्मियों ने दोनों कारों को रोककर प्रवेश के लिए रजिस्टर में एंट्री करने के लिए कहा। इस पर नाइजीरियाई नागरिक भड़क गए। आरोपियों ने अभद्रता व हंगामा शुरू कर दिया। सोसाइटी निवासी मुकेश ने विरोध किया और एंट्री करने की सलाह दी तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर आरोपी भाग गए। बीटा-2 थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की जांच की जा रही है। फैजल फैज, सनुल्लाह मोहम्मद और इब्राहिम सहित दस अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है।







