लखीमपुर खीरी। तिकुनिया क्षेत्र में 13 वर्षीय छात्रा की हत्या पड़ोसी युवक सद्दाम ने की थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि पड़ोसी सद्दाम छात्रा को गन्ने में खींच ले गया था और उसके साथ जबरदस्ती की थी। छात्रा ने शोर मचा दिया। पकड़े जाने के डर से उसने गला दबाकर किशोरी की हत्या कर दी थी। सिंगाही थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा रविवार को मदरसे में पढ़ने गई थी। शाम तक वापस न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने देर रात 11.30 बजे छात्रा की गुमशुदगी दर्ज की। सोमवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे छात्रा का शव रमुवापुर गांव के पास मोहन सिंह के गन्ने के खेत में पड़ा मिला था।
तीन डॉक्टरों के पैनल ने छात्रा के शव का पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में मौत की वजह सांस अवरुद्ध होना बताई गई। सीओ सदर संदीप सिंह ने बताया कि किशोरी की गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। आंख नहीं फोड़ी गई। गहरी चोट के निशान मिले थे। परिजनों ने छात्रा के साथ दुष्कर्म की भी आशंका जताई थी। हालांकि दुष्कर्म की बात पर पुलिस अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है। मृतका के परिजनों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। बृहस्पतिवार सुबह सद्दाम के पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि सद्दाम छात्रा का पड़ोसी है। रविवार को छात्रा मदरसे से लौट रही थी। रास्ते में सद्दाम मिल गया। वह उसे गन्ने के खेत में ले गया। छात्रा ने शोर मचा दिया। इस पर सद्दाम ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।







