खन्ना। खन्ना के प्रसिद्ध फैशन डिजाइनर और व्यापारी आशु विजन के घर 19 जनवरी की रात हुई फायरिंग और कार जलाने की कोशिश मामले में पुलिस ने एक सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड आशु विजन का ही मुंहबोला भाई अमित कुमार उर्फ लाडी था।
एसएसपी खन्ना डॉ. दर्पण अहलूवालिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह मामला केवल फायरिंग का नहीं है, बल्कि रंगदारी और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़ा गंभीर षड्यंत्र है। 25 दिसंबर 2025 को आशु विजन को गोल्डी बराड़ के नाम से व्हाट्सएप कॉल आई, जिसमें पांच करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की गई और धमकी दी गई कि रकम न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
पुलिस जांच में सामने आया कि अमित लाडी ने अपने साथी ईश्वर सिंह रंधावा और मोहाली निवासी विक्की वाट्स की मदद से पूरे षड्यंत्र को अंजाम दिया। अमित विजन की प्रॉपर्टी और वित्तीय स्थिति की पूरी जानकारी रखता था और रंगदारी से अपने हिस्से की रकम हड़पने की योजना बना रहा था।
जब आशु विजन ने रंगदारी देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने फायरिंग और कार जलाने की योजना को क्रियान्वित किया। 19 जनवरी की रात आरोपी शूटर्स को हथियार, मोटरसाइकिल और पूरी लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराकर घर पर हमला करने के लिए भेजा गया।
एसएसपी डॉ. अहलूवालिया ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी अमित लाडी, ईश्वर सिंह रंधावा, विक्की वाट्स, परमवीर सिंह और हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। शूटर्स की तलाश अभी जारी है। साथ ही गोल्डी बराड़ की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह मामला खन्ना जिले में एक बड़े गैंगस्टर नेटवर्क और परिवारिक साजिश का उदाहरण माना जा रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जुड़े अन्य आरोपियों को भी पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।







