8 साल से चलाता था सैलून, पुलिस मेरठ में कर रही बैकग्राउंड चेक
मेरठ। श्रीनगर पुलिस द्वारा गुरुवार को आतंकी कनेक्शन की आशंका में गिरफ्तार किए गए तीन युवकों में शामिल मोहम्मद नदीम की पहचान मेरठ जिले के लावड़ कस्बे का निवासी के रूप में हुई है। नदीम पिछले 8 साल से श्रीनगर में रहकर सैलून चलाता था। माता-पिता की मौत के बाद वह पुश्तैनी मकान में से मिले अपने हिस्से की रकम लेकर दुबारा श्रीनगर शिफ्ट हो गया था।
उसके पकड़े जाने के बाद श्रीनगर पुलिस ने मेरठ पुलिस से संपर्क कर उसके बैकग्राउंड की जानकारी जुटाई। लावड़ चौकी पुलिस ने भी नदीम के घर और पड़ोसियों से पूछताछ की। पड़ोसियों का कहना है कि नदीम के दोनों भाई भी कस्बे से बाहर रहते हैं और नदीम त्योहारों पर ही कभी-कभी गांव आता था।
फिलहाल पुलिस तीनों युवकों के संभावित आतंकी संगठन से लिंक की जांच कर रही है और स्थानीय नेटवर्क की भी जानकारी खंगाल रही है।







