अमृतसर – छेहरटा इलाके में मंगलवार देर रात एक युवक पर गोलीबारी की घटना सामने आई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हमले में घायल युवक की पहचान सागर के रूप में हुई है, जो एक पूर्व कांग्रेस पार्षद का रिश्तेदार बताया जा रहा है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11:30 बजे की है। सागर अपनी बहन के साथ घर के बाहर कुत्तों को खाना देने गया था। इसी दौरान स्कूटी (एक्टिवा) पर सवार एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा और अचानक उस पर फायरिंग कर दी। गोली सागर के पेट में लगी, जिसके बाद आरोपी तुरंत मौके से भाग निकला।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल सागर को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावर की पहचान की जा सके। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
इस घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। एक पूर्व मंत्री ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं और हालात नियंत्रण से बाहर होते दिख रहे हैं







