ग्रेटर नोएडा- ग्रेटर नोएडा में पुलिस कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर की साइबर क्राइम टीम ने एक अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का खुलासा करते हुए दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी नाइजीरिया के रहने वाले बताए जा रहे हैं और उन पर देश के बैंकिंग सिस्टम को निशाना बनाकर बड़ी साइबर ठगी की साजिश रचने का आरोप है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई साइबर क्राइम थाना, नॉलेज पार्क थाना और मेरठ जोन की साइबर कमांडो टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि एक अंतरराष्ट्रीय साइबर गैंग पिछले कुछ दिनों से सक्रिय है और भारत के को-ऑपरेटिव बैंकों की सुरक्षा प्रणाली में खामियों का फायदा उठाकर बड़ी रकम हड़पने की योजना बना रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गुप्त तरीके से निगरानी शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो विदेशी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि गिरोह बैंकिंग सिस्टम की कमजोरियों का फायदा उठाकर लाखों-करोड़ों रुपये अवैध खातों में ट्रांसफर करता था और बाद में इस रकम को क्रिप्टोकरेंसी के जरिए विदेश भेज देता था।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 7 से 8 मार्च के बीच गुजरात के एक सहकारी बैंक से करीब सात करोड़ रुपये की धोखाधड़ी कर ट्रांसफर किए थे। आरोपी अक्सर सप्ताहांत के दौरान इस तरह की वारदात को अंजाम देते थे, क्योंकि उस समय बैंक बंद रहते हैं और धोखाधड़ी का पता देर से चलता है।
मामले की जानकारी मिलते ही जांच एजेंसियों ने भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र और संबंधित बैंकों को अलर्ट कर दिया। समय रहते कार्रवाई होने से कई करोड़ रुपये की संभावित साइबर ठगी को रोका जा सका।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर नेटवर्क से जुड़े हैं, जिनके तार अफ्रीकी देशों तक फैले हुए हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।







