मंडी धनौरा(अमरोहा)। मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के एक गांव में नवजात बच्ची की मौत का मामला सामने आया है, जिसे लेकर परिजनों के आरोपों और प्रारंभिक तथ्यों के बीच विरोधाभास नजर आ रहा है। घटना के बाद पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार किसान परिवार में 23 दिन पहले एक बच्ची का जन्म हुआ था। गुरुवार शाम को अचानक बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों ने नाक से खून आने की बात कही, जिसके बाद बच्ची को संभालने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई। बच्ची के पिता ने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि दूसरी बेटी के जन्म के बाद महिला मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। बताया गया कि उसने आसपास की महिलाओं से बच्ची को गोद देने की बात भी कही थी। परिवार में पहले से एक बेटी है और हाल ही में जेठानी के यहां बेटे का जन्म होने के बाद महिला और अधिक तनाव में रहने लगी थी।
वहीं, अस्पताल से जुड़े सूत्रों का कहना है कि शुरुआती तौर पर बच्ची की मौत का कारण अत्यधिक ठंड लगना बताया गया है। पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
प्रभारी निरीक्षक बालेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।







