हिसार। सात महीने पहले रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात शव की गुत्थी को जीआरपी ने सुलझाने का दावा किया है। जांच के बाद पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक युवक को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी श्याम सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह नशे का आदी बताया जा रहा है।
जांच में सामने आया कि कुछ माह पूर्व आरोपी अपने एक साथी के साथ पंजाब से हिसार की ओर आ रहा था। सफर के दौरान मोबाइल फोन गायब होने पर उन्हें पास ही बैठे एक युवक पर शक हुआ। इसी संदेह में विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने युवक का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना को हादसा दर्शाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उस समय शव की पहचान नहीं हो सकी थी और मामला रहस्य बना हुआ था।
पुलिस ने बताया कि कॉल डिटेल, ट्रेनों की जानकारी और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर केस को दोबारा खंगाला गया, जिसके बाद आरोपी को दबोच लिया गया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया है।
फिलहाल आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा सके।







