चंडीगढ़। फिरोजपुर विजिलेंस ने सिविल अस्पताल ममदोट में फील्ड वर्कर के पद पर तैनात गांव बारेके निवासी संजीव सिंह को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते काबू किया है। आरोपी ने मेडिकल रिपोर्ट में संशोधन के नाम पर 50 हजार रुपये मांगे थे। विजिलेंस थाना फिरोजपुर ने संजीव के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग के कर्मी संजीव को गांव मलवाल कदीम निवासी जगदीश सिंह की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री एंटी-करप्शन हेल्पलाइन पर शिकायत दी थी। जगदीश ने शिकायत में बताया कि संजीव ने उनके खिलाफ जारी मेडिको-लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) की डॉक्टरों के विशेष बोर्ड द्वारा दोबारा जांच कराने में उसकी मदद करने की बात कही थी।
उक्त आरोपी इस संबंध में लगातार झूठे वादे कर रहा था, इसलिए शिकायतकर्ता ने उक्त कर्मचारी से हुई बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया। विजिलेंस ब्यूरो फिरोजपुर की जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये रिश्वत ली थी। उक्त मामले में रिश्वत लेने का आरोपी पाए जाने पर ब्यूरो ने कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया।






