Yamunanagar Crime News: यमुनानगर जिले के गांव तिगरी में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने एक बंद पड़े घर का ताला तोड़कर अंदर से सोने और चांदी के लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। घटना का पता तब चला जब शाम को परिवार के सदस्य घर लौटे। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव तिगरी निवासी रजनी ने सदर यमुनानगर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 मार्च की सुबह करीब 10 बजे वह घर में ताला लगाकर परिवार के साथ किसी काम से बाहर गई थीं। घर खाली होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने ताला तोड़ दिया और अंदर घुसकर अलमारी व अन्य सामान खंगाल डाला।
शाम करीब सात बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे सोने और चांदी के आभूषण गायब हैं। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







