उत्तर प्रदेश। फिरोजाबाद में पति से झगड़कर घर से निकली महिला को सहारा देने के बहाने बदमाशों ने ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे डाला। बेसुध महिला जब होश में आई तो उसने घटनाक्रम की जानकारी थाना पुलिस को दी। पुलिस तत्काल हरकत में आई। पुलिस ने घटना के एक आरोपी को मुठभेड़ में दबोच लिया। उसके पैर में गोली लगी। घटना में सात लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। सिरसागंज थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला पर चार अगस्त को पति ने झगड़ा होने के बाद हमला कर दिया था।
इससे वह घर से निकलकर शिकोहाबाद स्टेशन आ गई। स्टेशन पर उसे एक युवक मिला। युवक उसे झांसे में लेकर शहजलपुर निवासी सीमा नामक महिला के घर ले गया। आरोप है कि पांच अगस्त को वहां पर बारी-बारी से चार युवकों ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। महिला जब होश में आई तो उसने थाना पुलिस को घटना की तहरीर दी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई थी। बुधवार रात करीब एक बजे इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार को सूचना मिली कि महिला से दुष्कर्म का आरोपी मैनपुरी रोड पर मौजूद है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मैनपुरी रोड पर गिर्राज कोल्डस्टोर के पीछे आरोपी का पीछा किया, तो आरोपी ने पुलिस पर हमला कर दिया।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी समीर निवासी बोझिया थाना शिकोहाबाद के पैर में गोली मारकर उसे गिरा लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। इसके पास से पुलिस ने बाइक और तमंचा भी बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी महिला समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। जिनको जेल भेजा गया है।







