दनकौर। क्षेत्र के ठसराना गांव में प्रजापति समाज के लोगों को दबंगों ने घर में घुसकर लाठी डंडों से हमला कर घायल कर दिया। आरोपितों ने महिलाओं से भी अभद्रता की। पीड़ितों ने डायल 112 पर घटना की जानकारी दी। आरोप है कि शिकायत के करीब एक घंटे बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। घटना से नाराज लोगाें ने कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया। पीड़ितों ने अलग-अलग नाम से पुलिस को दो शिकायतें दीं, जिनमें से एक शिकायत के आधार पर पुलिस ने 13 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित पक्ष की राधा देवी ने बताया कि वह जाति से प्रजापति है। गांव के कुछ दबंग लोग हमारे परिवार से रंजिश मानते हैं। आरोपित परिवार की महिलाओं पर भी फब्तियां कसते हैं। शुक्रवार को कुछ आरोपितों ने घर में घुसकर गाली-गलौज शुरू कर कर दी। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट की। पीड़ित राधा देवी ने बताया कि आरोपितों के हाथों में लाठी डंडे व तमंचे थे, जो भी सामने आया उसी को पीटा गया। महिलाओं के साथ भी अभद्रता की गई।
मामले की जानकारी डायल 112 पर दी गई, लेकिन सूचना के करीब एक घंटे बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। गुस्साए पीड़ितों ने दनकौर कोतवाली पहुंचकर हंगामा किया। पुलिस को राधा देवी व उसके पति नवल ने अलग-अलग तहरीर दीं।कानूनी कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद रात करीब दो बजे सभी लोग अपने घरों को लौटे गए। नवल की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रामू, आशीष, गौरव, राहुल, निक्की, छोटू, मनीष, विशाल, मनीष कुमार, दीपक, पुनीत, अजय व अनुज शर्मा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शनिवार को आशीष व विशाल सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जल्द ही अन्य फरार आरोपितों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।







