लखीमपुर । शहर के नेहरू नगर इलाके से 24 घंटे से लापता युवक अनिल (28) का शव बृहस्पतिवार शाम बुढवार रोड स्थित एक पत्थर खदान में संदिग्ध अवस्था में मिला। शव अर्द्धनग्न हालत में पड़ा था और उस पर चोट के गंभीर निशान भी पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या की गई है।
मजदूरी के लिए निकला था, फिर नहीं लौटा
परिजनों के अनुसार, अनिल बुधवार सुबह मजदूरी के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने जब उसका मोबाइल मिलाने की कोशिश की, तो घंटी जाती रही लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
बृहस्पतिवार शाम को अनिल के पिता मनोहर लाल ने कोतवाली सदर में गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए शिकायत दी। इस पर कोतवाली प्रभारी अनुराग अवस्थी ने तत्काल सर्विलांस सेल की मदद से युवक के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कराई, जो बुढवार रोड के पास की मिली।
खदान में मिला शव, मौके पर पहुंची पुलिस टीम
लोकेशन के आधार पर पुलिस और परिजन जब मौके पर पहुंचे, तो एक पत्थर खदान के भीतर अनिल का शव अर्द्धनग्न अवस्था में मिला। उसके गले और शरीर पर गहरे घाव के निशान थे, जिससे साफ है कि उसकी मौत सामान्य नहीं थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, एसओजी, और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं।
हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस
अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि, “घटना प्रथम दृष्टया हत्या का मामला लग रही है। टीम को घटनास्थल से कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।”







