महिला की शिकायत से खुला बड़ा साइबर रैकेट, आरोपी के मोबाइल से मिली कई रिकॉर्डिंग्स
बिहार। बेतिया साइबर थाना की टीम ने एक ऐसे शातिर साइबर ठग को दबोच लिया है, जो महिलाओं को वॉट्सऐप वीडियो कॉल के ज़रिए जाल में फंसाकर उनकी आपत्तिजनक रिकॉर्डिंग बनाता था। आरोपी महिलाओं के पति की आवाज़ की नकल कर उन्हें डराता–धमकाता और फिर ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने की कोशिश करता था। कई दिनों से सक्रिय इस आरोपी की करतूतों का पर्दाफाश एक पीड़िता की शिकायत के बाद हुआ।
मामला तब सामने आया जब एक महिला ने साइबर थाना में लिखित शिकायत दी कि किसी अनजान व्यक्ति ने उसके पति का रूप धारण कर फोन किया और गलत काम में पकड़े जाने की झूठी कहानी सुनाते हुए उसे धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी ने महिला को डराकर वॉट्सऐप वीडियो कॉल पर अश्लील हरकतें करने के लिए मजबूर किया। पूरी घटना के दौरान उसने स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली और बाद में उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने फौरन केस दर्ज किया और आरोपी तक पहुंचने के लिए तकनीकी जांच शुरू की। कॉल डिटेल, डिजिटल फुटप्रिंट और अन्य साइबर टूल्स की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान चनपटिया थाना क्षेत्र के जैतिया, पुड्डुकिया गांव के रहने वाले 27 वर्षीय सचिन कुमार तिवारी के तौर पर की। छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के फोन से कई महिलाओं की वॉट्सऐप वीडियो कॉल की आपत्तिजनक रिकॉर्डिंग्स मिलीं। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह इसी तरीके से करीब 50 से ज्यादा महिलाओं को डरा-धमकाकर उनकी रिकॉर्डिंग बना चुका है। पुलिस अब इन पीड़िताओं की पहचान के लिए डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
साइबर थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से आने वाली वीडियो कॉल न उठाएं और यदि कोई व्यक्ति धमकी देकर ब्लैकमेल करने की कोशिश करे, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाना में शिकायत दर्ज कराएं।







