नई दिल्ली – राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन अलग-अलग स्कूलों को ईमेल के जरिए बम विस्फोट की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाएं तुरंत सक्रिय हो गईं और एहतियातन सभी स्कूलों को खाली करा लिया गया।
अधिकारियों के मुताबिक जिन स्कूलों को धमकी मिली उनमें द्वारका स्थित सीआरपीएफ पब्लिक स्कूल,सेंट थॉमस स्कूल और पश्चिम एन्क्लेव का डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल शामिल हैं। सूचना मिलते ही फायर टेंडर, बचाव दल और स्थानीय पुलिस को मौके पर भेजा गया।
स्कूल परिसरों में बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और स्थानीय प्रशासन की टीमें तैनात कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा के मद्देनज़र छात्रों और शिक्षकों को तुरंत बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, हालांकि एहतियातन पूरे परिसर की गहन जांच और सैनेटाइजेशन की प्रक्रिया जारी रही।
पुलिस ने मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दी है। ईमेल किस सर्वर से भेजे गए और उनका स्रोत क्या है, इसका पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह भी जांच की जा रही है कि क्या इसी तरह की धमकी अन्य शिक्षण संस्थानों को भी भेजी गई है।
उधर, पड़ोसी शहर नोएडा के कुछ स्कूलों में भी इसी प्रकार की धमकी मिलने की सूचना है, जिसके बाद पूरे एनसीआर में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। पिछले कुछ सप्ताहों में इस तरह की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है, जिससे अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है।







