नोएडा – ग्रेटर नोएडा के झुंडपुरा इलाके में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया जब न्योछावर के पैसों को लेकर हुए विवाद में एक किशोर की जान चली गई। बृहस्पतिवार देर रात बरात घर में हुए झगड़े के दौरान एक युवक ने 17 वर्षीय किशोर पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-11 निवासी लक्की बाथम का बेटा श्याम अपने छोटे भाई और कुछ अन्य युवकों के साथ झुंडपुरा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। शादी में चढ़त के दौरान न्योछावर के पैसे लूटने को लेकर युवकों के बीच बहस हो गई। आरोप है कि पैसे के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
इसी दौरान आसिफ उर्फ अत्थी नाम के युवक ने गुस्से में आकर श्याम पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल श्याम को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आसिफ उर्फ अत्थी, रौनक, तौसीफ, सुदामा और सरफराज समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से दो आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी आसपास होने वाली शादियों में जाकर न्योछावर के पैसे लूटने का काम करते थे। घटना के बाद सभी आरोपी बिहार भागने की तैयारी में थे और ट्रेन की टिकट लेने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। शुक्रवार को मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया, जिसके बाद परिवार में शोक का माहौल है।







