नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुहेल (20) निवासी सीलमपुर और अहसान उर्फ असान (28) निवासी खुर्जा, बुलंदशहर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से तीन अवैध पिस्टल और 25 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी उत्तर प्रदेश के खुर्जा से हथियार लाकर दिल्ली-एनसीआर के अपराधियों तक पहुंचाते थे।
आशीष मिश्रा के मुताबिक, 12 मार्च को सूचना मिली थी कि एक आरोपी वेलकम इलाके के झील पार्क के पास हथियारों की खेप देने आने वाला है। इसके बाद स्पेशल स्टाफ ने जाल बिछाकर सुहेल को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो पिस्टल और 20 कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में सुहेल ने खुलासा किया कि वह ये हथियार खुर्जा निवासी अहसान से लेकर आया था। इसके बाद पुलिस टीम को खुर्जा भेजा गया, जहां कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी अहसान को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक पिस्टल और पांच कारतूस बरामद किए गए।







