लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में एक विदेशी महिला के साथ दुर्व्यवहार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अर्जेंटीना मूल की महिला गेटे मारिया ने शिकायत दी है कि उसके लिव-इन पार्टनर हरजिंदर भोला और उसके परिवार ने उसके साथ मारपीट की, पासपोर्ट छीन लिया और भारत से बाहर जाने से रोक दिया। शिकायत के बाद दूतावास के हस्तक्षेप पर पुलिस ने महिला को छुड़वाया और सुरक्षित सखी वन स्टॉप सेंटर पहुंचाया।
क्या है मामला
गेटे मारिया मार्च में अपने बच्चों के साथ लुधियाना आई थी। उसका लिव-इन पार्टनर हरजिंदर भोला इस्लामगंज क्षेत्र का निवासी है और अर्जेंटीना में रह चुका है। पुलिस के मुताबिक भोला कुछ दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया से लौटकर आया था। महिला का आरोप है कि जब उसने अर्जेंटीना वापस लौटने की बात कही तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और बच्चों को भी अलग कर दिया।
बच्चों से भी की गई बर्बरता
महिला ने दावा किया कि उसकी 12 साल की बेटी और 7 साल के बेटे के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। बेटी ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उन्हें पीटा था और उन्हें भी मां से दूर रखा गया।
दूतावास ने कराया रेस्क्यू, FIR दर्ज
शिकायत दूतावास पहुंचने के बाद पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। थाना डिवीजन-2 की टीम ने महिला को रेस्क्यू कर सिविल अस्पताल के सखी वन स्टॉप सेंटर भेजा। उसके बाद महिला बच्चों को लेकर दिल्ली रवाना हो गई है। पुलिस ने आरोपी हरजिंदर भोला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







