हरियाणा। सुंदर नगर में हुए राजेश हत्याकांड की जांच में बड़ी प्रगति करते हुए स्पेशल स्टाफ पुलिस ने उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के राजापुर निवासी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अभिषेक ने मुख्य आरोपी अमित उर्फ धोला को वह अवैध हथियार उपलब्ध कराया था जिसका इस्तेमाल राजेश की हत्या में किया गया था।
6 अक्टूबर को सुंदर नगर इलाके में गोली चलने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, जहां राजेश गली में मृत अवस्था में मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मृतक के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था।
तफ्तीश के दौरान यह सामने आया कि कोथ खुर्द निवासी अमित उर्फ धोला और मृतक राजेश के बीच पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर तनाव चल रहा था। इसी रंजिश के कारण अमित ने अपने साथियों के साथ मिलकर राजेश की रेकी की और उसे योजनाबद्ध तरीके से गोली मारकर हत्या कर दी। मुख्य आरोपी अमित और उसके साथी सोनू उर्फ सरपंच को पहले ही गिरफ्तार कर 10 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा जा चुका है, जबकि एक नाबालिग को ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया है। अब हथियार सप्लाई करने वाला अभिषेक भी पुलिस गिरफ्त में है।
जांच से पता चला कि अमित की बुआ की शादी जींद निवासी रवि के परिवार में हुई थी। तलाक की प्रक्रिया में राजेश की सक्रिय भूमिका थी, जिसको लेकर अमित राजेश से नाराज था। बाद में रवि की दूसरी शादी में भी राजेश की भूमिका को लेकर विवाद और गहरा गया। इसी दुश्मनी को आधार बनाकर राजेश को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई और उसे गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया।






