गुरुग्राम- शहर के गांधी नगर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक निजी शिक्षण संस्थान संचालक का शव किराए के मकान में मिला। मृतक की पहचान 35 वर्षीय शैलेंद्र के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और इलाके में ‘मास्टर जी’ के नाम से जाना जाता था।
जानकारी के अनुसार, शैलेंद्र पटौदी रोड स्थित एक मकान में अकेले रह रहा था। सुबह करीब सात बजे जब मकान में रहने वाले अन्य किराएदार नीचे आए तो उन्होंने शैलेंद्र को कमरे में कुर्सी पर बैठी अवस्था में देखा। उसके सिर के पास गोली लगने का स्पष्ट निशान था, जबकि एक पिस्टल जमीन पर पड़ी मिली।
घटना की सूचना मिलते ही पटौदी रोड पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने कमरे को सील कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि शैलेंद्र की पारिवारिक स्थिति भी तनावपूर्ण थी। करीब दो साल पहले पत्नी से विवाद के बाद वह उससे अलग रह रहा था। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह मामला आत्महत्या का है या किसी ने उसकी गोली मारकर हत्या की है।







