“बीस लाख दो, तभी पत्नी मानेंगे” — दबाव और धमकी का संगीन मामला
उत्तर प्रदेश। बागपत के बड़ौत कोतवाली नगर क्षेत्र से दहेज मांग और धमकी का मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया कि प्रेम विवाह के बाद उसका पति और ससुराल पक्ष 20 लाख रुपये की मांग कर रहा है और रुपये न देने पर उसे पत्नी मानने से इनकार कर दिया गया। पीड़िता के अनुसार, अप्रैल में गुफा वाले मंदिर, सरूरपुर कला में विवाह हुआ था और 25 अप्रैल को सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में शादी का पंजीकरण भी कराया गया था।
महिला का कहना है कि कुछ समय बाद पति नौकरी पर चला गया। लेकिन लगभग डेढ़ महीने पहले छुट्टी पर घर आने के बाद उसने महिला पर तलाक के कागजों पर साइन करने का दबाव बनाया। महिला का आरोप है कि पति ने साफ-साफ कहा कि “20 लाख रुपये दो, तभी रिश्ता चलेगा।” विरोध करने पर पति, ससुर और जेठानी ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति अंकित, ससुर और जेठानी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। जांच अधिकारी मनोज कुमार चाहल ने बताया कि मामले की जांच जारी है।







