नोएडा- नोएडा के सेक्टर-64 इलाके में मामूली पैसों के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। फुटपाथ पर रहने वाले दो युवकों के बीच उधार के पैसों को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ी कि एक की जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक, 35 वर्षीय राहुल की संदिग्ध हालात में मौत की सूचना मिलने पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि राहुल और 30 वर्षीय रवींद्र के बीच करीब 1500 रुपये को लेकर विवाद हुआ था। बहस के दौरान रवींद्र ने कथित तौर पर पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राहुल को पास के नाले में फेंक दिया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी रवींद्र, निवासी पौड़ी गढ़वाल (उत्तराखंड), को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों ही मजदूरी कर जीवनयापन करते थे और फुटपाथ पर रहते थे।
थाना पुलिस का कहना है कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।







