गुरुग्राम- गुरुग्राम के सेक्टर-29 थाना क्षेत्र स्थित चकरपुर इलाके में रविवार सुबह एक युवक अपने किराये के कमरे में मृत पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कराया। प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक की पहचान 33 वर्षीय सरोज थापा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का निवासी था और पिछले कुछ समय से परिवार के साथ चकरपुर में रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह खाना बनाने का काम करता था, लेकिन हाल के महीनों में उसे नियमित रोजगार नहीं मिल पा रहा था।
परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह वह घर के बाथरूम में गया था। काफी देर तक बाहर न आने पर परिवार के सदस्यों ने सरोज थापा को फंदा लगाकर आत्महत्या किए हुए पाया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक और फिंगरप्रिंट टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। जांच अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आर्थिक और रोजगार संबंधी तनाव की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी।







