कपूरथला (पंजाब)- कपूरथला के लाहौरी गेट इलाके में एक युवक ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया।
जानकारी के मुताबिक युवक ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उसने आरोप लगाया कि एक महिला उसे लगातार परेशान कर रही थी और उसके खिलाफ झूठा केस दर्ज कराने की धमकी दे रही थी, जिससे वह मानसिक रूप से काफी तनाव में था।
मृतक की पहचान सूरज नाहर के रूप में हुई है, जो मोहल्ला लाहौरी गेट की पटवारियां गली का निवासी था। पुलिस को दी शिकायत में मृतक की मां पूनम ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उसके बेटे की जान-पहचान ब्रह्मकुंड कॉलोनी की रहने वाली एक महिला से हुई थी। बाद में सूरज को पता चला कि वह महिला पहले से शादीशुदा है और उसने अपने पति से तलाक भी नहीं लिया है।
परिजनों के मुताबिक इसके बाद महिला ने सूरज से पैसे मांगने शुरू कर दिए। आरोप है कि उसने उससे करीब दो लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर दुष्कर्म का केस दर्ज कराने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि इसी दबाव और मानसिक तनाव के चलते युवक ने देर रात अपने घर में पंखे से चादर का फंदा बनाकर जान दे दी।
मृतक की मां ने पुलिस से मांग की है कि उसके बेटे को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। शिकायत के आधार पर सिटी थाना पुलिस ने ब्रह्मकुंड कॉलोनी की रहने वाली महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला की तलाश के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।







