जालंधर। शहर के मॉडल टाउन इलाके में स्थित एक प्रतिष्ठित शोरूम को देर रात चोरों ने अपना निशाना बनाया। अज्ञात बदमाश शोरूम के भीतर घुसकर वहां रखी नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरों ने करीब साढ़े ग्यारह लाख रुपये नकद चोरी किए हैं।
घटना का पता उस समय चला जब सुबह कर्मचारी शोरूम खोलने पहुंचे। अंदर का नजारा देखकर वे हैरान रह गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। जांच में सामने आया है कि चोरी की पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें दो संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं।
वीडियो फुटेज के अनुसार, एक व्यक्ति बाहर रहकर आसपास की स्थिति पर नजर रखे हुए था, जबकि दूसरा शोरूम के अंदर जाकर तिजोरी से नकदी निकालता हुआ दिखाई दे रहा है। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
शोरूम प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं और आंतरिक मिलीभगत की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही थाना छह की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलविंदर कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।







