अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में स्पा सेंटर की आड़ में अवैध गतिविधियों का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में एक ऐसे रैकेट का पर्दाफाश हुआ, जो मसाज सेंटर के नाम पर संचालित किया जा रहा था।
अलीगढ़ के क्वार्सी क्षेत्र स्थित मैरिस रोड पर संचालित एक स्पा सेंटर में छापेमारी कर पुलिस ने कथित तौर पर चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें पुलिस और प्रशासनिक टीम ने मौके से संचालक, पांच ग्राहकों और तीन युवतियों सहित कुल नौ लोगों को हिरासत में लिया।
जांच में सामने आया कि स्पा सेंटर को भाई-बहन मिलकर संचालित कर रहे थे। पुलिस को पहले से इस सेंटर पर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी, जिसके बाद निगरानी कर पुष्टि की गई और फिर टीम ने छापा मारा।
छापेमारी के दौरान सेंटर के अंदर बने केबिनों में संदिग्ध हालात पाए गए। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार यहां मसाज के नाम पर अलग-अलग दरों पर सेवाएं दी जा रही थीं, जिनकी कीमत एक हजार से तीन हजार रुपये तक थी।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि युवतियों को पहले मसाज के काम के लिए रखा गया और बाद में लालच देकर अवैध गतिविधियों में धकेला गया। तीनों युवतियां स्थानीय बताई जा रही हैं, जिन्हें पूछताछ के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
वहीं, संचालक और पकड़े गए ग्राहकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर को सील कर दिया है और फरार संचालिका की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।







