नई दिल्ली- पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके में स्थित एक मॉल की पार्किंग में खड़ी कार के अंदर एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
घटना 23 फरवरी की शाम करीब 5:55 बजे सामने आई, जब पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कर बताया गया कि पार्किंग में खड़ी एक कार के भीतर एक व्यक्ति अचेत पड़ा है। मौके पर पहुंची टीम ने कार का दरवाजा खोलकर व्यक्ति को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के नोएडा निवासी नरेंद्र के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। वाहन के अंदर से अस्थमा से संबंधित दवाएं भी मिली हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि मौत स्वास्थ्य संबंधी कारणों से हो सकती है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौत दिल का दौरा, दम घुटने या किसी अन्य कारण से हुई।
फिलहाल, पार्किंग क्षेत्र को जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।







