आगरा। बरहन क्षेत्र की एक नवविवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए उत्पीड़न करने और घर से निकालने का आरोप लगाते हुए पति समेत 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद से ही उस पर कार की मांग को लेकर लगातार दबाव डाला जा रहा था।
बरहन थाना क्षेत्र के जमुनीपुर निवासी प्रिया की शादी इसी वर्ष अप्रैल माह में धौलपुर निवासी विजय पुत्र बनवारी लाल के साथ धूमधाम से हुई थी। परिजनों ने शादी में करीब 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात, नकद और घरेलू सामान दिया था। कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में ससुरालियों ने दहेज में कार की मांग शुरू कर दी।
प्रिया के अनुसार, उसके मायके वालों ने आर्थिक स्थिति के चलते कार देने में असमर्थता जताई। इसके बावजूद ससुराल पक्ष का रवैया लगातार कठोर होता गया। आपसी मतभेद सुलझाने के लिए कई बार पंचायतें भी हुईं, मगर कोई समाधान नहीं निकला।
पीड़िता का आरोप है कि 5 मई को उसके पति विजय, ससुर बनवारी लाल, सास मुन्नी देवी, जेठ बंटी, देवर राहुल, ननद सीमा सहित अन्य परिजनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। घटना की जानकारी पुलिस को 9 मई को दी गई, जिसके बाद मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।
परिवार परामर्श केंद्र में मामला सुलझा नहीं, जिसके बाद थाने में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया। थाना प्रभारी गुरविंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है।







