नोएडा- पुन्हाना क्षेत्र के गौधोला-गौधोली गांव में बच्चों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने बड़ा रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुए हिंसक झगड़े में 38 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है। सूचना मिलने पर पुन्हाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान आजम (38) के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि दिन के समय गांव के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसी विवाद को लेकर शाम के समय दूसरे पक्ष के करीब 25 से 30 लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पहुंच गए और हमला कर दिया।
परिवार के लोगों का कहना है कि हमलावरों ने घर पर पथराव भी किया और परिवार के सदस्यों को पीटना शुरू कर दिया। मृतक के भाई जैकम के मुताबिक आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला किया और पत्थर भी फेंके, जिससे आजम गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन घायल आजम को तुरंत इलाज के लिए पुन्हाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि आजम चार बच्चों का पिता था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम का माहौल है। वहीं गांव में भी इस घटना के बाद डर और तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुन्हाना थाना प्रभारी ओमबीर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







