पटना। धनरूआ थाना के देवकुली गांव में अपराधियों ने घर में सो रही एक महिला की गला काटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि घर में महिला अपने दो छोटे-छोटे बच्चों के साथ सो रही थी, जबकि उसके पति कितनी जरूरी काम से बाहर गए थे। घटना की सूचना उनके पति को रविवार की सुबह मिली। सूचना मिलने के बाद मृतका के पति ने इसकी सूचना धनरूआ थाने को दी। सूचना मिलते ही धनरूआ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
इस घटना को लेकर मसौढ़ी पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी कन्हैया सिंह ने बताया कि देवकुली गांव की सोनी कुमारी 24 वर्ष को किसी अज्ञात अपराधी द्वारा गला काटकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि सोनी देवी के पति संजीव चौधरी ने हत्या का आरोप अपने पिता और भाई पर लगाया है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से अपराधियों की पहचान करने में जुट गई है।
धनरूआ निवासी संजीव चौधरी स्कॉर्पियो गाड़ी भाड़ा पर चालवाने का काम करते हैं। इसके साथ ही संजीव चौधरी के पिता भी गाड़ी के ड्राइवर हैं। दोनों पिता और पुत्र के बीच इसी बात को लेकर बराबर विवाद हुआ करता था। संजीव चौधरी ने आरोप लगाया है कि उनके पिता द्वारा कई बार पत्नी की हत्या कर देने का भी धमकी दिया गया था। संजीव चौधरी ने बताया कि शनिवार की रात वह अपनी गाड़ी से किसी जरूरी काम के लिए पटना चले गए थे। जब रविवार की अहले सुबह वह अपने घर लौटे तो देखा कि उनकी पत्नी की हत्या कर दी गई है। उन्होंने आशंका जताई है कि उनके पिता और भाई ने मिलकर उनकी पत्नी की निर्मम तरीके से हत्या कर डाली है।







