हल्द्वानी। स्मैक खरीदने के लिए पैसे नहीं दिए तो बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर बल्ली मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना 14 जुलाई को बच्चीनगर एक लामाचौड़ मुखानी की है। घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ा। पुलिस ने गुरुवार को आरोपित पर गैर इरादतन हत्या की धारा में प्राथमिकी कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मुखानी थानाक्षेत्र के बच्चीनगर एक लामाचौड़ निवासी गिरीश चंद्र जोशी आर्मी से सेवानिवृत्त थे। सालों पहले उनका निधन हो गया था। अब घर पर पत्नी मोहनी बच्चों के संग रहती हैं। पुलिस के अनुसार, मोहनी का 28 वर्षीय बेटा सूरज चंद्र जोशी छह बहन व पांच भाइयों में सबसे छोटा था।
तीसरे नंबर का भाई मनोज स्मैक का लती हो गया था। 14 जुलाई की रात करीब नौ बजे सूरज व मनोज घर के बाहर बैठे थे। इस बीच मनोज ने सूरज से स्मैक के लिए पैसे मांग लिए। इस पर सूरज ने उसे फटकारते हुए हंगामा शुरू कर दिया। इस पर मनोज ने पास में पड़ी बल्ली उठाकर सूरज के सिर पर मार दी। सूरज लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। स्वजन उसे निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे।
मुखानी थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित मनोज पर गैर इरादतन हत्या की धारा में प्राथमिकी कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना के पीछे स्मैक के लिए पैसों की मांग की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद स्वजन में आक्रोश था। उन्होंने मनोज को पकड़ लिया था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर मनोज को उनके सुपुर्द कर दिया गया।







