पटियाला। सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद बहाने से नाबालिग को बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। थाना त्रिपड़ी पुलिस ने पीडिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, लेकिन फिलहाल गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। आरोपी की पहचान दीपक पाठक निवासी विकास नगर पटियाला के तौर पर हुई है। पीडित नाबालिगा की ओर से पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक करीब छह महीने पहले उसकी आरोपी दीपक पाठक के साथ सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों की आपस में एक-दूसरे के साथ अकसर मोबाइल पर बातचीत होने लगी।
इसी बीच आरोपी ने पिछले महीने जून में पीडिता को बहाने से मिलने के लिए बुला लिया। इसके बाद उसे मोटरसाइकिल पर बिठाकर अपने साथ ले गया और उससे दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। बाद में नाबालिगा को पटियाला के खालसा कालेज के नजदीक छोड़कर खुद फरार हो गया। इस शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को नामजद कर लिया है।







