रुड़की। कारोबारी से एक नामी कंपनी के रेस्टोरेंट की फ्रेंचाइजी के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कंपनी के सुपरवाइजर के नाम पर धोखाधड़ी का मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। उप निरीक्षक मनदीप सिंह को मामले की जांच सौपी गई है। गंगनहर कोतवाली को पुरुषोत्तम रेजिडेंसी रामनगर निवासी कारोबारी मोहित सिंघल ने तहरीर देकर बताया कि इंटरनेट पर रेस्टोरेंट की फ्रेंचाइजी सर्च कर रहे थे। इस बीच उन्हें एक नामी कंपनी की वेबसाइट मिली। जिस पर फोन नंबर भी दिया गया था।
फोन नंबर पर संपर्क किया तो राजेंद्र अग्रवाल ने खुद को कंपनी का सुपरवाइजर बताया और सिक्योरिटी फीस, कागजी कार्रवाई व अन्य प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर 6.74 लाख रुपये ऑनलाइन विभिन्न खातों में जमा कर दिए। इंस्पेक्टर गोविंद कुमार ने बताया कि सुपरवाइजर राजेंद्र अग्रवाल निवासी भंडारा चौक पुराना पारदी नाका सूर्य नगर नागपुर महाराष्ट्र के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।







