पंजाब। जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने प्लॉट में मिले शव के मामले को सुलझाते हुए एक नाबालिग सहित 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया कि 21 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली थी कि जालंधर के खेड़ा लिंक रोड पर गार्जियन जिम के पीछे एक खाली प्लॉट के पास एक शव पड़ा हुआ है। जांच के दौरान मृतक की पहचान जॉर्ज उर्फ कट्टा पुत्र स्वर्गीय हरबंस लाल निवासी गांव संसारपुर, थाना कैंट जालंधर के रूप में हुई। जिसके बाद पुलिस स्टेशन सदर में धारा 302 के तहत दर्ज मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सीपी ने बताया कि जांच में सामने आया कि मृतक के संसारपुर गांव निवासी विजय कुमार की पत्नी सोनिया के साथ अवैध संबंध थे, लेकिन जॉर्ज सोनिया की दो दोस्तों के साथ भी संबंध बनाना चाहता था। कमिश्नर ने बताया कि सोनिया ने इसका विरोध किया और उसने अपने नौ साथियों के साथ मिलकर धारदार हथियार (खंडा) से जॉर्ज की हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान करण कुमार उर्फ खब्बू उर्फ खन्ना निवासी गांव बम्बीवाल, सोहेल उर्फ परोथा, जगप्रीत उर्फ जग्गू पुत्र तारा, जसकरण सिंह उर्फ मल्लू, बूटा राम निवासी गांव मल्लू जो अब गांव बम्बीवाल में किराएदार है, मंजीत उर्फ मान पुत्र निवासी गांव रहमानपुर, सोनिया पत्नी स्व. विजय कुमार निवासी गांव संसारपुर, प्रीति पत्नी अजय निवासी लाल कुर्ती छावनी, काजल पत्नी विशाल निवासी गांव धीना और सोनू उर्फ काली निवासी गांव बंबीवाल के तौर पर हुई है। सभी के साथ एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर धारा 148, 149 के तहत मामला दर्ज किया गया है। केस में 120बी आईपीसी शामिल की गई है सीपी स्वपन शर्मा ने कहा कि एक अन्य आरोपी गांव बम्बीवाल निवासी अजयदीप सिंह अभी फरार है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
जांच में आरोपियों से एक दोधारी तलवार (खंडा) और एक हुंडई बरामद की गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी की पहले से कोई आपराधिक पृष्ठभूमि नहीं है। मामले की गहन जांच की जा रही है और विवरण बाद में साझा किया जाएगा। पुलिस में आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है।







