शिवपुरी निवासी कमलेश की पुत्री लक्ष्मी की शादी फर्रुखाबाद जिले के थाना अमृतपुर के गांव रम्पुरा नवादा के रहने वाले अंकित से तय हुई थी। बृहस्पतिवार रात अल्हागंज कस्बे के एक गेस्टहाउस में बरात पहुंची। दुल्हन पक्ष से शादी में आए अल्हागंज निवासी अनूप से कुछ देर बाद डीजे पर डांस करने को लेकर विवाद में बरातियों ने उसे पीट दिया। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत करा दिया। रात करीब साढ़े 11 बजे डीजे पर डांस के दौरान फोटो खींचने को लेकर एक बार फिर हुए विवाद के बाद मारपीट हो गई। इस दौरान डीजे के पास मौजूद दुल्हन के चाचा के दामाद राजेश के सिर पर प्रहार कर दिया। राजेश गेस्टहाउस से करीब दो सौ मीटर दूर अपनी ससुराल की ओर भागे, मगर रास्ते में गिरने के बाद दम तोड़ दिया।
सूचना पर सीओ जलालाबाद अजय राय मदनापुर और जलालाबाद थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जिन लोगों को हिरासत में लिया, उनमें शिवपुरी में ही रहने वाला अनूप और कुछ बराती शामिल हैं। शुक्रवार दोपहर दोनों पक्षों को पुलिस ने थाने बुलाकर वार्ता की। लिखित समझौते के बाद दोपहर साढ़े तीन बजे फेरे कराए गए। उसके बाद दुल्हन की विदाई हुई। राजेश की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में किसी वजनी चीज के प्रहार से चोट आना पाया गया है। राजेश के सिर की हड्डी टूट गई थी और कान से रक्तस्राव भी हुआ।







