पंजाब। अबोहर जिले में शनिवार रात को अज्ञात लोगों ने गांव भागू में एक व्यक्ति की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। सुबह घटना का पता चलते ही थाना बहावाला पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया। समाचार लिखे जाने तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका था। मृतक हरचंद (45) के बेटे अमन ने बताया कि उसकी मां की मौत हो चुकी है जबकि दो बहनों में से एक का विवाह हो चुका है। इसके बाद वह अपने पिता व एक बहन के साथ अपनी दादी के पास ही रहते हैं।
अमन ने बताया कि बीती रात करीब अढ़ाई बजे वह खेत में पानी लगाने गया था। उसने बताया कि रात के समय कुछ अज्ञात लोग उसके घर में घुसे और तेजधार हथियारों से हमला करके उसके पिता को मौत के घाट उतार दिया। दूसरे कमरे में सो रही उसकी दादी ने सुबह होने पर उसके पिता को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा तो शोर मचाया। मामले की सूचना आसपास के लोगों को दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने थाना बहाववाला को सूचित किया। बेटे का कहना है कि गांव में उसकी किसी से भी कोई दुश्मनी नहीं है। इसलिए वह किसी पर भी शक जाहिर नहीं कर सकता। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







