समराला। स्थानीय पुलिस ने पंजाब में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 14 पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मध्य प्रदेश में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसमें एक ऐसा शख्स भी शामिल है जो इन अवैध हथियारों को बनाने में शामिल था।
एसएसपी खन्ना अवनीत कौडल ने जानकारी देते हुए बताया कि समराला पुलिस ने 29 जनवरी को स्थानीय आई.टी.आई के पास एक नाकाबंदी के दौरान हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ (सोलन) निवासी सतनाम सिंह धालीवाल को गिरफ्तार किया गया। जिसके पास से पुलिस ने 32 बोर की एक देसी पिस्टल व मैगजीन और 1 जिंदा कारतूस बरामद किया।
इस शख्स की पहचान पर पुलिस ने मध्य प्रदेश के इकबाल सिंह और आकाश डाबर को गिरफ्तार कर लिया और दोनों के पास से 32 बोर की 13 और पिस्तौलें बरामद कीं और आगे की जांच शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि अब तक की पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि ये सभी लोग अवैध हथियारों की सप्लाई का काम करते हैं। गिरफ्तार इकबाल सिंह निवासी थाना गंधावली (मध्य प्रदेश) अवैध हथियार बनाने का काम करता है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं।







