हरियाणा। चरखी दादरी के एक गांव स्थित राजकीय स्कूल की नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने के आरोपी शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार शाम ही पुलिस ने आरोपी राजेश के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। सदर थाना पुलिस ने शिक्षक को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पांच दिसंबर को राजकीय स्कूल के परिसर में 13 वर्षीय छात्रा के साथ शिक्षक राजेश ने छेड़छाड़ की थी। जानकारी मिलने पर स्कूल की कार्यवाहक प्रधानाचार्या ने इसकी शिकायत पुलिस को दी थी। डीएसपी सुभाषचंद्र ने बताया कि शिकायत में आरोपी और पीड़िता की जानकारी नहीं दी गई थी।
पुलिस टीम पूछताछ करने स्कूल पहुंची तो वहां कोई नहीं मिला। इसके बाद प्रधानाचार्या के बयान दर्ज करने पुलिस शहर स्थित उनके घर पहुंची। यहां बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी राजेश के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। डीएसपी ने बताया कि मंगलवार को पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश कर वहां से जेल भेज दिया गया।







