लुधिायाना। गोइंदवाल जेल में बंद नशा तस्कर के इशारे पर हेरोइन सप्लाई करने जा रहे दो तस्करों को स्पेशल टॉस्क फोर्स की टीम ने काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से 950 ग्राम हेरोइन, एक एक्टिवा व भार तोलने वाली मशीन व खाली प्लास्टिक के लिफाफे बरामद किए हैं। आरोपियों के खिलाफ नशा तस्करी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कबाड़ का काम करने वाले सन्नी उर्फ सन्नी कबाडियां व कुशाल कुमार उर्फ काली गुजर के रूप में की है। बरामद की गई हेरोइन का अर्तराष्ट्रीय मूल्य करीब 1 करोड़ रुपए आंका जा रहा है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
डीएसपी दविंदर कुमार ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि उक्त आरोपी पिछले काफी समय से हेरोइन सप्लाई का धंधा कर रहे हैं, जिस पर आरोपियों को टिब्बा रोड़ पर उस समय काबू किया गया, जब वह बिना नंबर की एक्टिवा पर हेरोइन सप्लाई करने जा रहे थे। शुरूआती पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वह केन्द्रीय जेल गोइंदवाल में बंद नशा तस्कर कर्ण कालिया नाम के व्यक्ति के इशारे पर उसके जानकार से हेरोइन लेकर आगे सप्लाई करते थे। आरोपी सन्नी कबाड के काम की आड़ में तस्करी करता था और दूसरा आरोपी अपनी प्रेमिका के साथ मिल कर हेरोइन सप्लाई करता था। पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है ।







