सूरत। महाराष्ट्र के जलगांव जिले से जुड़े एक परिवार के छह सदस्यों के अपहरण और हत्या के मामले में बीमा धोखाधड़ी का चौंकाने वाला एंगल सामने आया है। पुलिस को आशंका है कि 50 लाख रुपये के बीमा क्लेम से जुड़े विवाद और फर्जीवाड़े का राज खुलने के डर से इस वारदात को अंजाम दिया गया। परिवार के चार सदस्यों की मौत हो चुकी है, जबकि 16 वर्षीय एक किशोर अब भी लापता है। वहीं, 13 वर्षीय बच्चे ने नहर में फेंके जाने के बावजूद तैरकर अपनी जान बचा ली और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक दंपति कविता और नितेश पाटिल के खिलाफ 19 नवंबर को जलगांव के मेहुनबारे पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ था। एक बीमा कंपनी के सलाहकार की शिकायत पर दर्ज इस मामले में दंपति के अलावा आकाश पाटिल, प्रेमचंद पाटिल और एक जांच अधिकारी को भी आरोपी बनाया गया था।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कविता और नितेश ने कविता के पूर्व पति संजय पाटिल की मौत को सड़क दुर्घटना में होना बताया था, जबकि पुलिस सूत्रों के मुताबिक संजय की मृत्यु टीबी की बीमारी से हुई थी।
एफआईआर के अनुसार, बीमा कंपनी की जांच में दावे से संबंधित कई गड़बड़ियां सामने आई थीं। इसके बाद कविता को फर्जीवाड़ा उजागर होने का डर सताने लगा और उसने जांच के दौरान ही 50 लाख रुपये का बीमा दावा वापस ले लिया था।
हालांकि, आरोप है कि दंपति ने डेबिट कार्ड के साथ मिलने वाले बीमा कवर के तहत 10 लाख रुपये का दावा किया और यह रकम हासिल कर ली थी। सूरत के पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया के मुताबिक, आशंका है कि बीमा धोखाधड़ी में शामिल अन्य लोगों ने अपना राज छिपाने के लिए दंपति और उनके परिवार को निशाना बनाया। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह का खुलासा मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार, परिवार 21 नवंबर को वैन से महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एरंडोल से निकला था। इसके बाद गुजरात के बारडोली के पास परिवार के सभी छह सदस्यों का अपहरण कर लिया गया और उन्हें नहर में फेंक दिया गया।
अगले दिन कविता का शव नहर से बरामद हुआ। इसके बाद मंगलवार को उसके पति नितेश उर्फ भूरियो और पहली शादी से हुई नौ वर्षीय बेटी स्वीटी के शव मिले। गुरुवार को कविता और नितेश के दो वर्षीय बेटे प्रथमेश का शव भी बारडोली ग्रामीण पुलिस थाना क्षेत्र में नहर से बरामद किया गया।
इस घटना में परिवार का 16 वर्षीय बेटा अब भी लापता है। वहीं, 13 वर्षीय बेटे ने नहर में फेंके जाने के बाद तैरकर अपनी जान बचा ली और पुलिस तक घटना की जानकारी पहुंचाई।
पुलिस ने इस मामले में कथित संलिप्तता के आरोप में 34 वर्षीय दयानंद उर्फ खंडियो भदाने को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अन्य लोगों के निर्देश पर काम किया था और उसे हत्या के पीछे के वास्तविक मकसद की जानकारी नहीं थी।
मामले में कम से कम तीन अन्य संदिग्धों के फरार होने की जानकारी सामने आई है। उनकी तलाश के लिए पुलिस की छह टीमें लगाई गई हैं। जलगांव पुलिस भी सूरत पुलिस के साथ मिलकर जांच में सहयोग कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बीमा धोखाधड़ी और परिवार की हत्या के बीच क्या संबंध था तथा इस साजिश में और कौन-कौन शामिल हैं।







