छह दिन से दोनों का सुराग नहीं; पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन, मोबाइल कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही
शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में पिता और 18 वर्षीय बेटी के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। सुन्नी के ओगली क्षेत्र से गायब हुए दोनों का छह दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए संभावित इलाकों में सर्च अभियान चलाने के साथ मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी खंगालनी शुरू कर दी है।
परिवार के अनुसार, 12 सितंबर की शाम कुलदीप अपनी बेटी स्नेहा के साथ पिकअप वाहन में कुमारसैन की ओर निकले थे। देर रात करीब डेढ़ बजे कुलदीप ने फोन पर परिजनों को बताया था कि वे पंदोआ पहुंच चुके हैं और कुछ ही देर में घर पहुंच जाएंगे। इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया और दोनों से संपर्क नहीं हो सका।
काफी देर तक पिता-पुत्री के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में खोजबीन के दौरान ओगली गांव के पास उनकी पिकअप सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली। वाहन में दोनों के नहीं होने से परिवार की चिंता और बढ़ गई।
टूटा मिला पिकअप का शीशा
परिजनों के मुताबिक, पिकअप वाहन का कंडक्टर साइड का शीशा टूटा हुआ था। वाहन इस तरह लावारिस मिलने के बाद मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिवार ने आसपास के क्षेत्रों में भी दोनों की तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों के संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड के जरिए उनके संपर्क में रहे लोगों और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
परिजनों ने दोनों के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए उनकी जल्द तलाश की मांग की है। परिवार की ओर से शिकायत में अपहरण या अवैध रूप से हिरासत में लिए जाने की आशंका भी व्यक्त की गई है। पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।







