बेंगलुरु। जेपी नगर क्षेत्र में गुरुवार सुबह वैवाहिक विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपनी 26 वर्षीय नर्स पत्नी पर धारदार हथियार से हमला करने के बाद तेजाब फेंक दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद मौके से भाग रहे आरोपी पति को ट्रैफिक पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता मधुमिता कोलकाता की रहने वाली है और पिछले करीब डेढ़ साल से एक निजी क्लिनिक में नर्स के तौर पर काम कर रही थी। उसका पति वेंकटेशन तमिलनाडु का रहने वाला है।
बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब 9:15 बजे मधुमिता नाश्ता करने के लिए क्लिनिक से बाहर निकली थी। इसी दौरान उसका पति बाइक से बहुमंजिला इमारत के बेसमेंट में स्थित क्लिनिक के पार्किंग क्षेत्र तक पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, वह अपने साथ चाकू, धारदार हथियार और तेजाब लेकर आया था।
आरोप है कि वेंकटेशन ने मधुमिता पर धारदार हथियार से हमला किया और इसके बाद तेजाब फेंक दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग और क्लिनिक कर्मचारी मदद के लिए पहुंचे। इसी दौरान आरोपी वहां से भागने लगा, लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल मधुमिता को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। जेपी नगर थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस हमले के पीछे वैवाहिक विवाद से जुड़े कारणों की जांच कर रही है और घटना से संबंधित अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।







