निरसा । निरसा के हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका रेजिडेंसी में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कुख्यात अपराधी सागर सिंह उर्फ शिबू के ठिकाने की जांच तेज कर दी गई है। पुलिस ने कारोबारी शमशाद खान के आवास का सीसीटीवी फुटेज और डीबीआर जब्त किया है। फिलहाल आवास को पुलिस ने अपने कब्जे में रखा है और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए पिछले कई दिनों की गतिविधियों की जांच कर रही है। इसमें यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मुठभेड़ के समय आवास में शिबू के अलावा कौन-कौन मौजूद था। पिछले तीन-चार दिनों में घर पर आने-जाने वाले लोगों की पहचान भी की जा रही है। पुलिस शिबू के संपर्कों और उसके स्थानीय नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिबू पिछले चार-पांच दिनों से आनंद वाटिका में ठहरा हुआ था।
मुठभेड़ की जांच के लिए गुरुवार को रांची से फोरेंसिक विभाग की टीम आनंद वाटिका पहुंची। टीम ने आवास के अंदर जांच करने के साथ ही मुठभेड़ स्थल से भी कुछ नमूने एकत्र किए। जांच के दौरान टीम घटनास्थल पर मौजूद रही।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान शिबू के कुछ साथी मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शिबू निरसा में किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था। एसएसपी प्रभात कुमार के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि शिबू किसी बड़ी वारदात की तैयारी के लिए निरसा पहुंचा था।
बुधवार शाम आनंद वाटिका में पुलिस ने घेराबंदी कर शिबू को पकड़ने की कार्रवाई की थी। पुलिस का कहना है कि इस दौरान शिबू ने फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी। इसके बाद उसे एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसकी सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात है।
मुठभेड़ के बाद रेजिडेंसी के लोग भी घटना को लेकर हैरान हैं। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि शिबू कई दिनों तक यहां ठहरा हुआ था, लेकिन इसकी जानकारी आसपास के लोगों को नहीं थी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मामले में निरसा थाना में शिबू के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया भी चल रही है।







