मेरठ। सदर बाजार क्षेत्र के खालसा होटल में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कमरे से तेज दुर्गंध आने पर कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो शामली निवासी 29 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला। कमरे से बीयर की पांच बोतलें भी बरामद हुई हैं।
मृतक की पहचान शामली की पंजाबी कॉलोनी निवासी विपुल शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक विपुल ने 15 सितंबर की शाम होटल में कमरा लिया था। होटल कर्मचारियों ने आधार कार्ड देखकर उसकी फोटो कॉपी रखी और इसके बाद उसे कमरा दिया गया। कमरा लेने के बाद वह बाहर नहीं निकला और न ही कर्मचारियों ने उसे आते-जाते देखा।
गुरुवार सुबह कमरे से दुर्गंध आने पर होटल कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो विपुल का शव फंदे के सहारे लटका हुआ था।
कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को बीयर की पांच बोतलें मिलीं, जिनमें दो भरी और तीन खाली थीं। पुलिस ने कमरे में मिले सामान को सुरक्षित कर लिया। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस होटल कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि होटल पहुंचने के बाद विपुल से कोई व्यक्ति मिलने आया था या नहीं। होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस के अनुसार, कमरे की स्थिति और दुर्गंध के आधार पर मौत 15 सितंबर को होटल पहुंचने के दिन या उसके आसपास होने की आशंका है। हालांकि, मौत का सही समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।







