गढ़शंकर। पंजाब के गढ़शंकर क्षेत्र में एक प्रवासी महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे गांव महिंदवाणी में झोपड़ियों में रहने वाली करीब 30 वर्षीय महिला की उसके पति ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश की एक औद्योगिक इकाई में काम करने वाले प्रवासी मजदूर गांव महिंदवाणी में झोपड़ियां बनाकर रह रहे हैं। इन्हीं झोपड़ियों में बिहार के मुंगेर जिले के हरनाणार निवासी सुनील कुमार अपनी पत्नी मुन्नी देवी और बच्चों के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात किसी बात को लेकर सुनील कुमार ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी और इसके बाद मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर बीनेवाल पुलिस चौकी के प्रभारी एएसआई जसवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सुनील कुमार करीब एक महीने पहले ही पत्नी और बच्चों के साथ इस इलाके में आया था। दंपती के चार बच्चे हैं, जिनमें से तीन उनके साथ रह रहे थे, जबकि एक बेटी को आरोपी अपने गांव में छोड़ आया था।
एसपी दलजीत सिंह खख के मुताबिक, मामले में मृतका की बहन पिंकी देवी के बयान के आधार पर सुनील कुमार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं। आरोपी की तलाश में पंजाब और हिमाचल प्रदेश के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।







